
रिपोर्ट:– रवि गुप्ता
झारखंड के लातेहार जिले में स्थित नेतरहाट, जिसे 'छोटा नागपुर की रानी' के नाम से जाना जाता है, प्रकृति का अनमोल तोहफा है। समुद्र तल से 3622 फीट की ऊंचाई पर बसा यह खूबसूरत हिल स्टेशन अपने शांत वातावरण और अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। नेतरहाट के जंगल, झरने, तालाब और बागान इसे प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए स्वर्ग बनाते हैं।
नेतरहाट के प्रमुख पर्यटन स्थल
1. सनसेट पॉइंट (मंगोलिया पॉइंट)
नेतरहाट का मंगोलिया पॉइंट सूर्यास्त का सबसे शानदार दृश्य प्रस्तुत करता है। यह नेतरहाट से लगभग 10 किमी दूर है। यहां से जंगलों के बीच डूबते सूरज को देखना एक अलौकिक अनुभव है। लकड़ी से बने व्यूइंग डेक पर खड़े होकर सूर्यास्त का आनंद लेना पर्यटकों को बेहद रोमांचित करता है।
2. सनराइज पॉइंट (कोयल व्यू)
सूर्योदय का मनमोहक नजारा कोयल व्यू से देखा जा सकता है, जो नेतरहाट से मात्र 2 किमी दूर है। यहां सूरज की पहली किरणें कोयल नदी के जल में पड़कर अद्भुत दृश्य उत्पन्न करती हैं।
3. अपर और लोअर घाघरी जलप्रपात
नेतरहाट के करीब स्थित ये दो जलप्रपात पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। अपर घाघरी नेतरहाट से 4 किमी की दूरी पर है और पिकनिक के लिए एक आदर्श स्थल है। वहीं, लोअर घाघरी झरना घने जंगलों के बीच स्थित है, जहां 32 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी मंत्रमुग्ध कर देता है।
4. नैना वॉटरफॉल
नेतरहाट से 8 किमी दूर स्थित नैना वॉटरफॉल अब पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। वन विभाग ने यहां तक पहुंचने के लिए सड़क और गेट का निर्माण कराया है, जिससे यहां का सफर और भी सुगम हो गया है।
5. नेतरहाट तालाब
यह तालाब नेतरहाट की जीवनरेखा है। इसका उपयोग पानी की आपूर्ति के लिए किया जाता है। हाल ही में तालाब का सुंदरीकरण किया गया है और पर्यटकों के लिए बोटिंग की सुविधा भी शुरू की गई है।
6. नाशपाती बगान
नेतरहाट के विशाल नाशपाती बागानों में घूमना एक अद्भुत अनुभव है। यहां उगाई जाने वाली नाशपाती न केवल झारखंड, बल्कि अन्य राज्यों में भी प्रसिद्ध है।
7. चीड़ का वन
नेतरहाट के चीड़ के घने जंगल पर्यटकों को बेहद आकर्षित करते हैं। ये पेड़ इस तरह सजे हुए दिखते हैं, मानो बच्चे स्कूल की प्रार्थना सभा में खड़े हों। पर्यटक यहां आकर फोटोशूट और घूमने का आनंद लेते हैं।
8. नेतरहाट विद्यालय
1954 में स्थापित यह विद्यालय अपनी शैक्षिक गुणवत्ता और गुरुकुल शैली के लिए जाना जाता है। इसके छात्रों ने देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है।
9. शैले हाउस
1919 में निर्मित शैले हाउस नेतरहाट की ऐतिहासिक धरोहर है। यह लकड़ी से बना एक अनूठा भवन है, जिसे फार्म हाउस के रूप में बनाया गया था। हालांकि, वर्तमान में यह संरचना मरम्मत की आवश्यकता में है।
नेतरहाट का मौसम और पर्यटकों की भीड़
नेतरहाट का मौसम पूरे वर्ष सुखद रहता है। गर्मी के दिनों में भी यहां की ठंडी और ताजी हवा पर्यटकों को राहत देती है। दिसंबर और जनवरी के महीनों में यहां पर्यटकों की संख्या सबसे अधिक होती है।
होटल और ठहरने की व्यवस्था
नेतरहाट में ठहरने के लिए हर प्रकार के बजट के होटल उपलब्ध हैं। होटल प्रभात विहार, रॉयल रेजीडेंसी, होटल ग्रीन प्लेस, नेतरहाट रिसॉर्ट जैसे कई नामचीन होटलों में रहने की सुविधा है। होटल का किराया ₹1500 से ₹6000 के बीच होता है। हालांकि, दिसंबर और जनवरी के महीनों में होटल पहले से बुक कर लेना चाहिए, क्योंकि इन दिनों में जगह मिलना मुश्किल हो जाता है।
- VIA
- Admin

-
06 Jun, 2025 29
-
05 Jun, 2025 28
-
02 Jun, 2025 111
-
01 Jun, 2025 302
-
01 Jun, 2025 108
-
31 May, 2025 119
-
14 May, 2025 5743
-
24 Jun, 2019 5741
-
26 Jun, 2019 5565
-
25 Nov, 2019 5426
-
22 Jun, 2019 5201
-
25 Jun, 2019 4812
FEATURED VIDEO

GARHWA

PALAMU

PALAMU

PALAMU

JHARKHAND

PALAMU

JHARKHAND

PALAMU

GARHWA
