लातेहार : सदर प्रखंड के डीही गांव में बुधवार की दोपहर ट्रांसफार्मर से शॉर्ट सर्किट लगने से खलिहान में आग लग गई। जिसके कारण करीब बीस हजार का धान पुआल जल कर खाक हो गया। बताया जाता है कि सुंदर भुईयां ने अपने खेत से धान की कटाई कर डीही गांव में ही खलिहान बनाया था। लगातार कई दिनों से खेतों के धान काट कर उसी खलिहान में जमा कर रहे थे। दोपहर अचानक खलिहान के बगल के ट्रांसफार्मर से शॉर्ट सर्किट लगने से खलिहान में आग लग गई। आस पास के जानकारी मिलने के बाद प्रयास किया लेकिन तबतक पुआल व धान पूरी तरह जल गया। जब तक ग्रामीणों को जानकारी होती और ग्रामीण पानी की व्यवस्था कराते तबतक सारा धान जल कर बर्बाद हो गया। इस दौरान किसान की मेहनत पर पहाड़ टूट पड़ा। किसान सुंदर भुईयां ने जिला प्रशासन व बिजली विभाग के पदाधिकारी से मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
